उत्तराखंड: 51 डाक्टरों का तबादला, डॉ. रश्मि पंत बनीं एनएचएम की प्रभारी निदेशक

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में एक बार फिर व्यापक स्तर पर तबादले करते हुए 51 चिकित्सकों का स्थानांतरण आदेश जारी किया है। साथ ही डॉ. रश्मि पंत को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया है। यह कार्रवाई उत्तराखण्ड वार्षिक स्थानांतरण अधिनियम, 2017 के तहत की गई है स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि तबादलों में पारदर्शिता, सेवा संतुलन और राज्यभर में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि “हमारा उद्देश्य है कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी हो, ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।”डॉ. कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि यह स्थानांतरण प्रक्रिया केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि मानव संसाधन प्रबंधन की रणनीति का हिस्सा है। जो चिकित्सक लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत थे, उन्हें सेवा आवश्यकता के अनुसार नई तैनाती दी गई है। वहीं कुछ को उनकी विशेषज्ञता के अनुसार स्थान आवंटित किया गया है।स्थानांतरण आदेशों में जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और राजकीय मेडिकल कॉलेजों में तैनात विशेषज्ञ चिकित्सक और जनरल फिजिशियन शामिल हैं। कई चिकित्सकों को उनके अनुरोध के आधार पर स्थान आवंटित किया गया है, जबकि अन्य को सेवा अवधि और विभागीय आवश्यकता के अनुरूप बदला गया है।तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। स्वास्थ्य विभाग जल्द ही स्थानांतरण की संपूर्ण सूची विभागीय पोर्टल पर सार्वजनिक करेगा, ताकि संस्थानों को समय से तैनाती सुनिश्चित करने में सुविधा हो और किसी भी भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement