उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून। आखिरकार उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी है। निचले इलाकों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने ठंड को और बढ़ा दिया है। मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, मसूरी, चकराता और धनौल्टी में बर्फ की फुहारें गिरनी शुरू हो गई हैं। उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के साथ-साथ हर्षिल और खरसाली क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो रही है, जिससे पूरे इलाके में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।

मसूरी और धनौल्टी में बर्फबारी से बढ़ा पर्यटन उत्साह

पहाड़ों की रानी मसूरी में लालटिब्बा क्षेत्र में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है। लंबे समय बाद बर्फ की चादर देखने को मिलने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों में भी खासा उत्साह है। वहीं धनौल्टी में बसंत पंचमी के अवसर पर सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे पर्यटन और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों में नई उम्मीद जगी है।

चकराता की ऊंची चोटियों पर पहली बर्फ

चकराता क्षेत्र की ऊंचाई वाली पहाड़ियों लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई सहित अन्य इलाकों में भी साल की पहली बर्फबारी की फुहारें गिरनी शुरू हो गई हैं। बर्फबारी के साथ पूरे क्षेत्र में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई है।

ठंड बढ़ी, मौसम विभाग ने सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले घंटों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement