पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची खौफनाक साजिश; दूध में दी नींद की गोली, फिर कंबल में छोड़ दिया जहरीला सांप, खुद लेकर पहुंची अस्पताल,स्कूल संचालक पति की मौत

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

कभी दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी. छह साल तक साथ रहे, स्कूल चलाया और नई जिंदगी बसाई. लेकिन वक्त के साथ रिश्ते में ऐसी दरार आई कि पत्नी का दिल स्कूल के ड्राइवर पर आ गया. इसके बाद जो साजिश रची गई, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. पति को रास्ते से हटाने के लिए न गोली चली, न चाकू चला और न ही फांसी का फंदा इस्तेमाल हुआ. आरोप है कि हत्या के लिए चुना गया एक जहरीला सांप. पहले दूध में नींद की गोलियां मिलाई गईं, फिर सांप को कमरे में छोड़ा गया और सुबह इसे सांप के काटने से हुई सामान्य मौत साबित करने की कोशिश की गई. लेकिन एक छोटी सी बात ने पूरी कहानी पलट दी.मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में सामने आया यह मामला अब सोशल मीडिया पर का विषय बना हुआ है.पुलिस ने इसे प्रेम प्रसंग, बीमा की रकम और सुनियोजित हत्या की साजिश का मामला बताते हुए पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक हस्तिनापुर के ग्राम भंडोरा निवासी 35 वर्षीय अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ रामलीला मैदान स्थित कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे. दोनों ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था. परिवार के विरोध के बावजूद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया था और पिछले छह वर्षों से एक साथ जिंदगी बिता रहे थे. इसी दौरान स्कूल में ड्राइवर के तौर पर काम करने वाले तुषार उर्फ निक्की का आना-जाना बढ़ा. जांच में सामने आया कि दामिनी और तुषार के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों लगातार संपर्क में रहने लगे.पुलिस का दावा है कि इसी रिश्ते ने अतुल की हत्या की नींव रखी.शुक्रवार सुबह दामिनी अपने पति अतुल को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हस्तिनापुर पहुंची. उसने बताया कि रात में पति को सांप ने काट लिया था. डॉक्टरों ने जांच के बाद अतुल को मृत घोषित कर दिया. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो बिस्तर के अंदर एक सांप भी मिला. पहली नजर में मामला सांप के डसने से मौत का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां पुलिस को सामान्य नहीं लगीं. यहीं से जांच की दिशा बदल गई पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आमतौर पर सांप इंसानों से बचने की कोशिश करता है. जिस तरह से सांप बिस्तर के भीतर मिला और पूरी घटना बताई जा रही थी, उसमें कई बातें मेल नहीं खा रही थीं. इसी संदेह के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और तकनीकी जांच शुरू कर दी गई.पुलिस ने दामिनी के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल शुरू की.

मोबाइल की कॉल डिटेल ने खोल दिया पूरा राज

जांच में सामने आया कि दामिनी की स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से लगातार बातचीत होती थी. दोनों के बीच लगातार संपर्क मिलने पर पुलिस ने तुषार से पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान तुषार टूट गया और उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया. उसने बताया कि उसका दामिनी से प्रेम संबंध था और दोनों ने मिलकर अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी. इस योजना में सोनू और उदय नाम के दो अन्य लोगों को भी शामिल किया गया.पुलिस के अनुसार हत्या की योजना बेहद सोच-समझकर बनाई गई थी. गुरुवार रात अतुल को दूध में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां मिलाकर दी गईं ताकि वह गहरी नींद में चला जाए और कोई विरोध न कर सके. जब अतुल बेहोशी जैसी अवस्था में पहुंच गया तो आरोपियों ने जहरीले सांप को कमरे में लाकर उसके कंबल के अंदर छोड़ दिया.आरोप है कि सांप ने अतुल को डस लिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.इसके बाद पूरी घटना को प्राकृतिक हादसा दिखाने की कोशिश की गई.पुलिस जांच में एक और अहम तथ्य सामने आया.अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था.पुलिस का कहना है कि योजना यह थी कि अतुल की मौत के बाद बीमा की राशि मिलेगी.उसी रकम में से साजिश में शामिल सोनू और उदय को पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था.इसके बाद दामिनी और तुषार नई जिंदगी शुरू करने की तैयारी में थे.पुलिस के मुताबिक तुषार अपनी पत्नी को तलाक देने की भी योजना बना रहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *