दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों में नाराज़गी देखने को मिल रही है। पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बीच हल्द्वानी में छात्र नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ मशाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग उठाई NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं लगातार तेज होती जा रही हैं। हल्द्वानी में मंगलवार शाम यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क से लेकर शहर के मुख्य मार्गों तक मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मशाल और तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोप बेहद गंभीर हैं। उनका आरोप है कि लगातार हो रही परीक्षा गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में शामिल युवाओं और छात्र नेताओं ने कहा कि छात्र पूरे साल मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने से छात्रों में मानसिक तनाव और असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। यूथ कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था बनाई जाए। वहीं प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और पूरे कार्यक्रम पर नजर रखी गई।


