पीपिंग सेरेमनी: पांच उपनिरीक्षकों को मिली पदोन्नति, एसएसपी ने लगाए कंधों पर स्टार

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

जनपद नैनीताल में रविवार को एक गरिमामय समारोह के तहत पुलिस विभाग के पांच उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने ‘पीपिंग सेरेमनी’ के दौरान सभी अधिकारियों को कंधों पर स्टार लगाकर अलंकृत किया और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सेरेमनी में एसपी सिटी हल्द्वानी प्रकाश चंद्र एवं सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने नवपदोन्नत निरीक्षकों को सम्मानित करते हुए नैनीताल पुलिस के परिवार की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं।पदोन्नति पाने वाले उपनिरीक्षकों में विजय मेहता, नीरज भाकुनी, प्रकाश सिंह मेहरा, रजत सिंह कसाना और गणेश सिंह शामिल हैं। इस अवसर पर एसएसपी मीणा ने कहा कि यह पदोन्नति अधिकारियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने सभी से अपेक्षा की कि वे नई जिम्मेदारियों के साथ ईमानदारी व समर्पण से जनता की सेवा करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभाएं। समारोह के अंत में समस्त नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से सभी नवपदोन्नत निरीक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।

Advertisement
Advertisement