कोटद्वार में बवाल और सड़क जाम पर पुलिस सख्त, शांति भंग करने वालों पर कई मुकदमे दर्ज

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

कोटद्वार। शहर का माहौल बिगाड़ने और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पौड़ी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बीती 31 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि बाबा ड्रेस की दुकान पर हुए पुराने विवाद को लेकर कुछ लोग दीपक कुमार के विरोध में उसके जिम और पटेल मार्ग स्थित दुकान के बाहर प्रदर्शन करने आ रहे हैं। इसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का इस्तेमाल कर सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार जब प्रदर्शनकारियों को रोका गया तो उन्होंने पुलिस बैरियर हटाकर उग्र नारेबाजी और गाली-गलौच शुरू कर दी। आरोप है कि करीब 30 से 40 अज्ञात लोगों ने पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा डाली और माहौल को सांप्रदायिक तनाव की ओर धकेलने की कोशिश की। घटना के बाद उपनिरीक्षक विनोद चपराना की तहरीर पर कोतवाली कोटद्वार में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।इसी मामले से जुड़े एक अन्य प्रकरण में वकील अहमद निवासी कोटद्वार की शिकायत पर भी कोतवाली कोटद्वार में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में अलग से अभियोग पंजीकृत किया गया है। वहीं कमल पाल निवासी कोटद्वार द्वारा दी गई तहरीर में दीपक उर्फ अक्की, विजय रावत और उनके साथियों पर गाली-गलौच करने, जाति-सूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने के आरोप लगाए गए हैं, जिस पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दो संगठनों के बीच उपजे विवाद को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है और सभी तहरीरों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति या संगठन को अराजकता फैलाने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अफवाह फैलाने और उकसावे वाली गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त और त्वरित कार्रवाई होगी।इधर क्षेत्र में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए पौड़ी पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड में आ गई है। शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस ने कोटद्वार में 24×7 निगरानी, सघन गश्त, प्रभावी चेकिंग अभियान और खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया है।संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति या संगठन द्वारा अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने, धार्मिक या सामाजिक भावनाएं भड़काने, भीड़ को उकसाने या किसी भी तरह से शांति भंग करने का प्रयास किया गया तो कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जिम्मेदार नागरिकों से शांति, संयम और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, भड़काऊ संदेश या असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इसी क्रम में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से कोटद्वार नगर क्षेत्र में पुलिस बल और पीएसी के साथ फ्लैग मार्च भी किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती गई और नागरिकों से सहयोग व सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस ने यह संदेश भी दिया कि किसी भी प्रकार की अराजकता या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *