दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाते हुए कार्रवाई की है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में तिकोनिया से वर्कशॉप लाइन,ठंडी सड़क और नैनीताल रोड तक अतिक्रमण हटाया गया। अभियान के दौरान फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए कई ठेलों को नगर निगम की टीम ने जब्त कर लिया। वहीं, अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी वसूला गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने सड़क और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि शहर में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर को व्यवस्थित रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थानों, फुटपाथों और सड़कों पर अतिक्रमण न करें तथा प्रशासन के सहयोग से शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में अपनी भागीदारी निभाएं।





