दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
नर्सिंग और पीजीडीआरपीसी कार्यक्रमों के लिए 5 मार्च तक करें ऑनलाइन आवेदन
देहरादून। उच्च शिक्षा और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में दाखिले की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम सूचना है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने बीएड, पोस्ट बेसिक बीएससी (नर्सिंग) और पीजीडीआरपीसी कार्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथियां घोषित कर दी हैं विश्वविद्यालय के अनुसार बीएड कार्यक्रम के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 27 फरवरी है, जबकि पोस्ट बेसिक बीएससी (नर्सिंग) और पीजीडीआरपीसी कार्यक्रमों के लिए अभ्यर्थी 5 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और इसे Samarth Portal (समर्थ पोर्टल) के माध्यम से पूरा किया जा रहा है। अभ्यर्थियों को पहले नया पंजीकरण करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर आवेदन पत्र में आवश्यक व्यक्तिगत और शैक्षणिक विवरण भरना होगा। पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी प्रमाणपत्र अपलोड करने के साथ निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना अनिवार्य है। अंतिम सबमिशन के बाद आवेदन पत्र की प्रति डाउनलोड कर सुरक्षित रखना जरूरी है।इग्नू प्रशासन ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें। अंतिम दिनों में पोर्टल पर अधिक ट्रैफिक के कारण तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं। बीएड और नर्सिंग जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में हर वर्ष बड़ी संख्या में आवेदन आते हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा भी कड़ी रहती है।



