दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी: नगर निगम के वार्ड नंबर 14 के पार्षद एडवोकेट धर्मवीर ने जुआ खेलने का विरोध करने पर दो नामजद लोगों पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पार्षद ने 27 सितंबर को हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है तहरीर के मुताबिक, 24 सितंबर की शाम करीब सात बजे पार्षद वार्ड नंबर 13 में पड़ाव गोला नदी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान टीन शेड के पास कुछ लोग झुंड बनाकर बैठे और कथित तौर पर जुआ खेल रहे थे। पार्षद का आरोप है कि उन्होंने इसका वीडियो बनाने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण वीडियो स्पष्ट नहीं बन सका पार्षद के अनुसार, मौके पर उन्होंने पंकज कश्यप पुत्र ओमपाल कश्यप और कुलदीप पुत्र मंगू को ताश की गड्डी के साथ देखा। आरोप है कि वहां जुए में रुपये लगाने की बात कही जा रही थी। पार्षद का यह भी आरोप है कि उन्हें देखकर वहां मौजूद लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर पंकज कश्यप और कुलदीप ने पार्षद पर तमंचा तान दिया और कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। पार्षद ने बताया कि किसी तरह मौके से निकलकर उन्होंने घटना की जानकारी परिवार और परिचितों को दी पार्षद ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




