हल्द्वानी:पारिवारिक कलह ने ली दो जिंदगियां: काठगोदाम में 6 माह की गर्भवती महिला ने फंदे से लटककर दी जान , ढाई साल की बच्ची के सिर से उठा मां का साया

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

काठगोदाम थाना क्षेत्र के मल्ला प्लाट दमुवाढूँगा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 24 वर्षीय गर्भवती महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते घर में फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है जानकारी के मुताबिक, मल्ला प्लाट दमुवाढूँगा निवासी संतोष कुमार की पत्नी मनीषा देवी (24 वर्ष) ने सोमवार शाम को घर के अंदर फंदे से लटककर जान दे दी। परिजन आनन-फानन में महिला को फंदे से उतारकर हल्द्वानी के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतका 6 माह की गर्भवती थी। महिला के इस आत्मघाती कदम से न सिर्फ उसकी बल्कि उसके गर्भ में पल रहे मासूम की भी मौत हो गई मृतका मनीषा की शादी करीब 4 साल पहले संतोष कुमार से हुई थी। संतोष एक रेस्टोरेंट में काम करता है। दोनों की ढाई साल की एक मासूम बेटी भी है, जिसके सिर से अब मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है। शुरुआती जांच में घटना की वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है, जिसके चलते महिला मानसिक तनाव में थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी स्थिति

सीओ हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया सोमवार को घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। मंगलवार को मजिस्ट्रेट के सामने पंचनामे की कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का सटीक पता चल सकेगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *