उत्तराखंड में चिकित्सा अधिकारियों के 276 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून। उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने चिकित्सा अधिकारियों के बैकलॉग के 276 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। चयन बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.ukmssb.org पर परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आगामी 1 मई को अर्ह अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार परीक्षा एवं अभिलेख सत्यापन हेतु प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे, जबकि 7 मई से साक्षात्कार प्रक्रिया प्रारंभ होगी। चयन बोर्ड के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग द्वारा भेजे गए अधियाचन के तहत साधारण ग्रेड चिकित्सा अधिकारियों के 276 पदों पर भर्ती की जा रही है। इन पदों में अनुसूचित जाति के 183, अनुसूचित जनजाति के 6, अन्य पिछड़ा वर्ग के 59, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के दिव्यांगजनों के 4 तथा अनारक्षित दिव्यांगजनों के 24 पद शामिल हैं। अभ्यर्थियों से ऑनलाइन माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा और शासन के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए भर्ती प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण कर चयन परिणाम घोषित किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी होते ही प्रदेश को 276 नए डॉक्टर मिलेंगे, जिन्हें चारधाम यात्रा और दूरस्थ क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर तैनात किया जाएगा। इससे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Advertisement
Advertisement