उत्तराखंड: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर होगी ‘सारथी’ योजना की शुरुआत, 14 महिला ड्राइवर देहरादून में चलाएंगी ई-वाहन

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य सरकार के पायलट प्रोजेक्ट ‘सारथी’ के तहत 14 महिला ड्राइवरों को देहरादून की सड़कों पर उतारा जाएगा। ये महिला चालक एक सप्ताह तक शहर की महिलाओं को मुफ्त सफर कराएंगी। वर्तमान में परिवहन विभाग इन्हें ड्राइविंग का प्रशिक्षण दे रहा है, जिसके बाद इन्हें लाइसेंस और रोजगार का अवसर दिया जाएगा।

योजना की शुरुआत और संचालन

योजना की शुरुआत दो ई-टैक्सी, दो ई-ऑटो रिक्शा और 10 ई-स्कूटी से की जा रही है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या स्वयं महिला सारथी की पहली सवारी होंगी। इस योजना के सुचारू संचालन और सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग व पुलिस को शामिल किया गया है।

छह महीने बाद अन्य शहरों में विस्तार

मंत्री आर्या ने बताया कि यह पायलट प्रोजेक्ट छह महीने बाद राज्य के अन्य शहरों में विस्तारित किया जाएगा। इस योजना में आर्थिक रूप से कमजोर, विधवा या परित्यक्ता महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। योजना की शुरुआत यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय से होगी, जहां से मंत्री महिला सारथी के साथ सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी जाएंगी। यहां सभी वाहनों का डेमो प्रस्तुत किया जाएगा।

सुरक्षा और डिजिटल सुविधा से लैस होंगे वाहन

सीएसआर फंड से हुआ वाहन प्रबंधन: इस प्रोजेक्ट के लिए वाहनों की व्यवस्था एक संस्था के सीएसआर फंड से की गई है मोबाइल एप आधारित बुकिंग: इन सवारी वाहनों के संचालन के लिए एक मोबाइल एप विकसित किया गया है, जो कैब बुकिंग कंपनियों की तरह कार्य करेगा।

महिला चालकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान:

जीपीएस ट्रैकिंग के जरिए वाहनों की नियमित निगरानी होगी।किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए विशेष सुरक्षा फीचर जोड़े गए हैं।

महिला सशक्तिकरण की ओर बड़ा कदम

‘सारथी’ योजना के जरिए सरकार न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है, बल्कि सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन का भी नया विकल्प दे रही है। राज्य सरकार का यह प्रयास महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement