उत्तराखंड: 18 नए औषधि निरीक्षकों को तैनाती, विभागीय कार्यों में आएगी तेजी

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित 18 औषधि निरीक्षकों को पहली तैनाती दे दी है। इस संबंध में विभागीय आयुक्त द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं, जिसके तहत नवनियुक्त निरीक्षकों को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भेजा गया है।खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अपर आयुक्त ताजबर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नियुक्त किए गए औषधि निरीक्षकों को तत्काल अपने तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। सभी निरीक्षक अपनी तैनाती की तारीख से अगले दो वर्षों तक परिवीक्षा अवधि में रहेंगे। उन्होंने बताया कि इन नियुक्तियों से राज्य में औषधि निरीक्षण संबंधी कार्यों में तेजी आएगी और दवा निर्माण व विक्रय प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने में सहायता मिलेगी।नवनियुक्त औषधि निरीक्षकों की तैनाती के तहत निधि शर्मा और शुभम कोटनाला को ऊधम सिंह नगर, विनोद जगूड़ी और निधि रतूड़ी को देहरादून, हार्दिक भट्ट को चमोली, अर्चना उप्पल को नैनीताल, सीमा बिष्ट चौहान को पौड़ी, मेघा और हरीश सिंह को हरिद्वार, अमित कुमार आजाद को रुद्रप्रयाग, ऋषभ धामा को टिहरी, पंकज पंत को पिथौरागढ़, पूजा रानी को बागेश्वर, पूजा जोशी को अल्मोड़ा, हर्षिता को चंपावत और मोहम्मद ताजिम को उत्तरकाशी में नियुक्त किया गया है। वहीं, गौरी कुकरेती और निशा रावत को एफडीए मुख्यालय में तैनाती दी गई है। प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इन नियुक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि नए निरीक्षकों के आने से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और दवा संबंधी प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने सभी नवनियुक्त निरीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement